देहरादून। हिमाचल रोडवेज की एक यात्री बस नेरवा से पौंटा साहिब की ओर जाते समय भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना कुवाणु–मीनस मोटर मार्ग पर उस समय हुई, जब बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें पोस्ट चकराता, त्यूणी और डाकपत्थर से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस बल भी एसडीआरएफ के साथ संयुक्त रूप से जुटा हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 35 से 36 यात्री सवार थे। अब तक 04 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 11 से 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए विकासनगर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे का स्थान राजस्व क्षेत्र में स्थित होने के कारण राहत कार्य में स्थानीय प्रशासन की भी भागीदारी रही। रेस्क्यू टीमों द्वारा खाई में फंसे यात्रियों को निकालने का अभियान देर शाम तक जारी रहा।
एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी सतर्कता के साथ किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
