पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को दिनदहाड़े हत्या की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। अदालत में कानूनी कार्यवाही के सिलसिले में पहुंचे हत्या के एक आरोपी मंदार मारुति किवले को हमलावरों ने घेरकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने पहले उस पर धारदार हथियार से कई वार किए और फिर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर स्कूटरों से मौके से फरार हो गए।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंदार मारुति किवले फुटपाथ पर गिरा दिखाई दे रहा है। इस दौरान दो हमलावर उस पर धारदार हथियार से लगातार हमला करते नजर आ रहे हैं। वारदात के बाद दोनों आरोपी दो स्कूटरों पर सवार होकर वहां से भाग निकले।
पुलिस के अनुसार, मृतक मंदार मारुति किवले खुद भी हत्या के एक मामले में आरोपी था। 20 अप्रैल 2025 को पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में जमीन और पैसों के विवाद को लेकर शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में पुलिस ने किवले को गिरफ्तार किया था और वह जेल में बंद था।
बताया जा रहा है कि किवले चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। बुधवार को वह अदालत में कानूनी कार्यवाही के लिए पहुंचा था, तभी हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। शुरुआती तौर पर इस वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। फरार हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज तथा सामने आए वीडियो की मदद ली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के पीछे कौन लोग शामिल थे और इसका वास्तविक कारण क्या था।

